हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश की युवा पीढ़ी को प्रेरणा देने के लिए हुनरमंद लोगों के कौशल को मन की बात कार्यक्रम के दौरान सांझा किया। प्रधानमंत्री हर महीने मन की बात की कार्यक्रम में ऐसे लोगों के कौशल को सांझा करते है, जो दूसरे लोगों को आत्मनिर्भर बनने के लिए स्वरोजगार शुरु करने का हौंसला देते है। यह कदम प्रधानमंत्री के विकसित भारत के सपने को साकार करने की महत्वपूर्ण कड़ी है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कुरुक्षेत्र के लाडवा विधानसभा क्षेत्र के आईजीएन कॉलेज में स्थित धनौरा जाटान बूथ पर प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को नागरिकों के साथ सुना। इसके उपरांत उन्होंने नागरिकों से इस विषय पर चर्चा भी की। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कारगिल विजय दिवस पर विभिन्न खेलों के विजेता खिलाडिय़ों को बधाई दी। इसके साथ ही एक पेड़ मां के नाम लगाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 1 करोड़ 86 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में पौधे रोपित किए जा रहे है। मुख्यमंत्री ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि परिवार में किसी खुशी के मौके जैसे जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ इत्यादि पर पौधा रोपित जरूर करे।
इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री श्री सुभाष सुधा, उपायुक्त श्री विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक श्री चंद्र मोहन, एडीसी श्री विवेक आर्य, एसडीएम श्री अनुभव मेहता, चेयरमैन श्री सुभाष कलसाना, भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री जयभगवान शर्मा डीडी, चेयरमैन श्री गुरनाम सैनी, श्री रविंद्र सांगवान, जिलाध्यक्ष श्री रमेश सैनी, चेयरपर्सन साक्षी खुराना सहित गणमान्य मौजूद रहे।