राज्यसभा सांसद श्री सतीश पूनिया ने कहा है कि रेवाड़ी की ऐतिहासिक धरती से ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन की नींव रखी गई थी। आज उस रैली को 12 साल से अधिक समय हो चुका है और तभी से श्री नरेंद्र मोदी एक प्रधान सेवक के रूप में देश की सेवा करते आ रहे हैं।
सांसद सतीश पूनिया रविवार को रेवाड़ी में नासिया रोड पर जैन मंदिर के सभागार में आयोजित हुए विकसित भारत संकल्प सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता बधाई की पात्र है, जिसने देश हित को सर्वोपरि रखते हुए केंद्र में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को तीसरी बार सरकार की कमान सौंपी। जिस प्रकार से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अटल सरकार के कार्यों को आगे बढ़ाया, उसी तरह हरियाणा में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल की नीतियों का पालन कर रहे हैं।
सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार की कल्याणकारी नीतियों का ही परिणाम है कि आज देश के 56 करोड़ नए उपभोक्ता बैंकिंग सिस्टम से जुड़ चुके हैं और उनको सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे इन खातों के माध्यम से पहुंचाया जा रहा है। इसी तरह प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 4 करोड़ परिवारों को रहने के लिए छत मिली। देश में राजमार्गों का नव निर्माण करवाया जा रहा है। अब तक 7 लाख किलोमीटर लंबी सडक़ों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। कश्मीर में धारा 370 को हटाकर वहां के लोगों को केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। जब कभी आतंकवादियों ने सिर उठाने की कोशिश की, केंद्र की सरकार ने उनका माकूल जवाब दिया है। भारत आज अपने सैन्य उपकरण ना केवल खुद बना रहा है, बल्कि 25 देशों को निर्यात भी कर रहा है।