हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। जिसका सीधा लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुँच रहा है। सरकार जनसेवा, राष्ट्रवाद और किसान सहित सभी वर्गों के हितों को समर्पित है।
कृषि मंत्री शनिवार को कैथल के सूर्यकुंड तीर्थ मंदिर स्थित सभागार में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के शुभारंभ अवसर पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने रीबन खोलकर कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारंभ भी किया।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे प्रशिक्षण शिविरों का उद्देश्य कार्यकर्ताओं के माध्यम से सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना है, ताकि पात्र व्यक्ति योजनाओं का लाभ उठा सकें और राष्ट्रवाद की भावना को मजबूत कर देश को सशक्त बनाने का भी लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों, किसानों, मजदूरों व अन्य सभी वर्गों के लिए योजनाएं क्रियान्वित करती है, ताकि उनका उत्थान हो सके। महिलाओं को आत्मनिर्भरता और समृद्ध बनाने के लिए भी सरकार संकल्पबद्ध है।
कृषि मंत्री ने बताया कि आगामी 17 मई को महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर अंबाला के शहजादपुर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक लोगों से भागीदारी की अपील की गई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने का आह्वान किया गया है, ताकि वैश्विक परिस्थितियों और युद्धों का असर देश पर कम पड़े। इसी दिशा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से व्यक्तिगत वाहनों का कम उपयोग कर सार्वजनिक वाहनों में यात्रा करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि वे स्वयं भी निजी गाड़ी छोड़कर एस्कोर्ट वाहन में कार्यक्रम में पहुंचे हैं तथा काफिले में गाड़ियों की संख्या कम की गई है, ताकि ईंधन की बचत हो सके। उन्होंने महाराणा प्रताप जयंती समारोह में भी सभी लोगों से सार्वजनिक वाहनों के माध्यम से पहुंचने का आग्रह किया।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है। फसल बोने से पहले न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) घोषित किया जाता है और ऑनलाइन माध्यम से सीधे किसानों के खातों में राशि भेजी जाती है। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सरकार समय पर सभी सुविधाएं उपलब्ध करवा रही है।
इस मौके पर विधायक सतपाल जांबा, सुशील राणा, जिला प्रभारी अमरपाल राणा, पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा, पूर्व विधायक लीला राम व कुलवंत बाजीगर, नगर परिषद की चेयरपर्सन सुरभि गर्ग, जिला परिषद के चेयरमैन कर्मबीर कौल के अलावा अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।