हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर विकसित किया जा रहा यह सामुदायिक भवन क्षेत्र के लिए एक प्रेरणा केंद्र के रूप में स्थापित होगा। प्रदेश सरकार पलवल जिले के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मंत्री आज पलवल के गांव कुशलीपुर (वार्ड नंबर-10) में पंडित दीनदयाल उपाध्याय सामुदायिक भवन परिसर में चारदीवारी, ट्रैक और पार्क निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास करने के दौरान लोगों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि लगभग 2.50 करोड़ रुपये की लागत से भवन के मुख्य हॉल का निर्माण किया जाएगा, जबकि 1 करोड़ रुपए की लागत से चारदीवारी, ट्रैक, पार्क एवं अन्य सौंदर्यीकरण कार्य कराए जाएंगे। इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और युवाओं को खेल गतिविधियों के लिए एक उपयुक्त वातावरण प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि यह भवन किसी एक वर्ग तक सीमित न होकर छत्तीस बिरादरी सहित सभी समाजों के लिए खुला रहेगा, जहां सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पलवल जिले के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए जिले में स्टेडियम, आधुनिक ट्रैक और खेल नर्सरी स्थापित की जा रही हैं, जिससे युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिल सके। उन्होंने बताया कि पहली बार बड़े स्तर पर खेल नर्सरी शुरू की गई हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाडिय़ों को भी आगे बढऩे का मौका मिलेगा।
मंत्री ने पानी व सीवरेज परियोजना का किया शुभारंभ
हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने आज पलवल में वार्ड नंबर-12 जवाहर नगर कैंप स्थित धीगड़ा भवन परिसर में पानी एवं सीवरेज लाइन परियोजना का नारियल फोडक़र शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि अमृत 2.0 योजना के तहत लगभग 332 करोड़ रुपये की लागत से पूरे शहर में सीवरेज और रैनीवेल परियोजना के तहत लगभग 522 करोड़ रुपये की लागत से जल आपूर्ति नेटवर्क को मजबूत किया जाएगा।