हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार ग्रामीण विकास के लिए कटिबद्ध है। प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्यों को मूर्त रूप दिया जा रहा है। खेड़ी व खातीवास गांव उनके अपने गांव हैं दोनों गांवों से उनका पारिवारिक रिश्ता है,जब भी मदद की जरूरत पड़ी,यहां के लोगों ने दिल खोलकर मदद की है,दोनों गांवों के विकास के मामले में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने खातीवास व खेड़ी गांवों के विकास के लिए दस-दस लाख रुपए देने की घोषणा की।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव शनिवार को झज्जर के गांव खातीवास में आयोजित अभिनंदन समारोह में ग्रामीण सभा को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि खेड़ी खातीवास गांवों के ग्रामीणों ने जो मान सम्मान दिया है वे कभी नहीं भूल पाएंगी। चूंकि इन गांवों से मेरा वर्षों पुराना पारिवारिक जुड़ाव भी है।
उन्होंने आश्वासन देते हुए कहा कि ग्राम पंचायत खेड़ी व खातीवास की तरफ से जो मांग पत्र मिला है, उनमें अधिकांश मांगों को पूरा करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पानी निकासी के लिए जो पाइप लाइन का काम है, उसको भी जल्द से जल्द पूरा करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह सौभाग्य की बात है कि उन्हें इस क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। क्षेत्र के लोग किसी भी जनहित के कार्यों को लेकर उनसे कभी भी मिल सकते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी अस्पतालों में सरकार की तरफ से एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन, एमआरआई आदि मशीनें और एक्सपर्ट स्टाफ लगाया गया है। आयुष्मान योजना के तहत भी लोगों को अच्छा लाभ मिल रहा है। सरकार सभी क्षेत्रों और वर्गों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को गति प्रदान कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। लोगों को बेहतर इलाज, दवाइयों की उपलब्धता और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिलें, यह सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका आमजन को पूरा लाभ मिल रहा है।