हरियाणा के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार राष्ट्रीय गोकुल मिशन योजना के माध्यम से देशी नस्ल की गायों के संरक्षण व संवर्धन के लिए काम कर रही है। हरियाणा में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई में गौवंश को समृद्ध बनाने के लिए चलाई जा रही योजनाओं को हमें मिलकर आगे बढ़ाना है, ताकि गायों का संरक्षण और संवर्धन सुनिश्चित हो सके।
डॉ. अरविंद शर्मा ने बुधवार को जिला सोनीपत के गोहाना में रोहतक रोड स्थित नन्दी गौशाला के वार्षिकोत्सव में बतौर मुख्यातिथि मकर संक्रांति पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सनातन व्यवस्था में यह पर्व आमजन के जीवन में बदलाव, सकारात्मकता और समृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गाय आध्यात्मिक एवं दिव्य गुणों की स्वामिनी हैं। गौ सेवा, गौपालन और गौरक्षा का धर्म-ग्रंथों में उल्लेख है। उन्होंने कहा कि केंद्र-प्रदेश सरकार ने लंबे समय समय से बेरुखी का शिकार गौशालाओं की सुध लेने का सिलसिला शुरू किया। वर्ष 2014-15 में प्रदेश में 215 गौशालाएं पंजीकृत थी, जो आज बढ़कर 686 तक पहुंच चुकी हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गौशालाओं के विकास, गौवंश संरक्षण और प्राकृतिक खेती पर बल दे रही है। आज गौशालाओं में ढांचागत विकास से लेकर गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 330 गौशालाओं में सोलर प्लांट लगाए गए हैं, वहीं गौशालाओं के लिए 800 ई-रिक्शा की खरीद की जा रही है। गौशालाओं को सस्ती दर पर बिजली उपलब्ध करवाते हुए 2 रूपए प्रति यूनिट बिजली दी जा रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा गौवंश संरक्षण व गौसंवर्धन कानून को सख्ती से लागू किया जा रहा है, ताकि गोहत्या करने वालों को 10 साल व गौतस्करी करने वालों को 7 साल के लिए सलाखों के पीछे पहुंचाया जा सके