हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण बेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार राज्य के प्रत्येक वर्ग की उन्नति के लिए कार्य कर रही है। हर वर्ग की उन्नति के साथ ही प्रदेश विकसित होगा, जो देश के विकसित भारत की उन्नति में अपना योगदान होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्रदेश के हर कोने का समान रूप से विकास किया है, जो आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री आज जींद में माता मदानण मंदिर में आयोजित 14 वां वार्षिक उत्सव में बोल रहे थे।
श्री कृष्ण बेदी ने वाल्मीकि धर्मशाला एवं माता मदानण प्रबंध समिति के हॉल का शिलान्यास किया और हॉल निर्माण के लिए 11 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने माता मदानण मंदिर की नगर शोभा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उन्होंने कहा कि धर्मशाला का निर्माण कार्य शुरू किया जाए, इस निर्माण कार्य को रुकने नहीं दिया जाएगा। सरकार धार्मिक, सामाजिक, विकासात्मक कार्यों को गति के साथ करवा रही है। इन धर्मशालाओं का प्रयोग देश के विकास के लिए कार्यों को शुरू करके किया जाना चाहिए, ताकि युवा वर्ग इन स्थानों पर कोई ना कोई स्कील को सीखकर नशे जैसी लत से दूर रहें।