हरियाणा सरकार धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र को स्वच्छ बनाने और यातायात प्रबंधन को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए गंभीरता से काम कर रही है। इस दिशा में कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड (केडीबी) और नगर निगम थानेसर द्वारा कई ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान विधायक श्री अशोक अरोड़ा द्वारा पूछे गए प्रश्न पर मुख्यमंत्री एवं सदन के नेता श्री नायब सिंह सैनी की ओर से जवाब दे रहे थे।
उन्होंने सदन को बताया कि नगर परिषद थानेसर द्वारा केडीबी रोड सुधार योजना के तहत अतिक्रमण हटाकर व्यवस्थित यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के उपाय किए जा रहे हैं। इस योजना में 11 करोड़ रुपये की लागत से दिव्य नगर परियोजना प्रस्तावित है।
उन्होंने कहा कि गीता महोत्सव एवं अन्य महत्वपूर्ण आयोजनों के दौरान पार्किंग और यातायात की समस्या को देखते हुए सैक्टर 10 में 6 नए पार्किंग स्थल बनाए जाते हैं, जिनमें 250 से अधिक वाहन खड़े किए जा सकते हैं। इस दौरान, पर्यटकों की सुविधा के लिए सैक्टर 10 से ब्रह्मसरोवर तक शटल सेवा शुरू की जाएगी। यह कार्य अगले वर्ष तक पूरा होने की संभावना है।
उन्होंने सदन को बताया कि गीता महोत्सव जैसे बड़े आयोजनों के दौरान शहर में सुचारु यातायात प्रबंधन हेतु 27 डाइवर्जन बिंदुओं पर 200 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाती है। इसी प्रकार, नए बस स्टैंड और पीपली चौक पर आधुनिक ट्रैफिक लाइट्स की व्यवस्था की गई है। साथ ही सड़क सुरक्षा पर समय-समय पर गोष्ठियां भी आयोजित की जाती हैं।
उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र जिले में वर्तमान में 206 यातायात पुलिस कर्मियों के साथ 2 यातायात थाने कार्यरत हैं। यातायात प्रबंधन को और प्रभावी बनाने के लिए 20 चीता राइडर, 2 थाना प्रबंधक मोबाइल वाहन, 3 इंटरसेप्टर और 2 केन वाहन तैनात किए गए हैं। यातायात हेल्पलाइन को डायल 112 से एकीकृत किया गया है, ताकि जाम की सूचना मिलते ही ईआरवी और राइडर तुरंत मौके पर पहुंच सकें।
श्री पंवार ने कहा कि हाल ही में कुरुक्षेत्र में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2025 में 1.5 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया और इतने बड़े आयोजन में भी उत्कृष्ट यातायात प्रबंधन किया गया।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के गेट नंबर-3 से पुराने बस स्टैंड तक एलीवेटिड रेलवे कॉरिडोर के नीचे 500 वाहनों की पार्किंग सुविधा विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।