हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीफ खरीद सीजन-2026 के दौरान किसानों की फसल रखने के लिए मंडियों के अलावा अन्य उपयुक्त खुले स्थान भी चिन्हित किए जाएं। इन स्थानों पर किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएं तथा फसल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए फेंसिंग सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की जाएं। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण किसानों की फसल को किसी प्रकार का नुकसान न हो और मंडियों में फसल के उठान में भी कोई बाधा न आए। अधिकारी खरीद सीजन के मद्देनजर सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते पूरे करें।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने ये निर्देश मंगलवार को चंडीगढ़ में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की सुविधा और उनकी मेहनत से तैयार फसल की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। खरीद प्रक्रिया के दौरान किसानों को फसल उतारने और रखने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध करवाया जाए, ताकि मंडियों में व्यवस्था बनी रहे और किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के राज्य मंत्री श्री राजेश नागर, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की प्रधान सचिव श्रीमती अमनीत पी. कुमार, विभाग के महानिदेशक एवं सचिव श्री अंशज सिंह, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव डॉ. यशपाल तथा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
*किसानों की सुविधा और फसल की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता*
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों के अतिरिक्त चिन्हित किए जाने वाले खुले स्थानों पर फसल के सुरक्षित रखरखाव के लिए उचित प्रबंध किए जाएं। विशेष रूप से बारिश की संभावना को देखते हुए फसल को भीगने से बचाने और समय पर उठान सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए। संबंधित अधिकारी आपसी तालमेल के साथ कार्य करें, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चलती रहे और किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने किसानों से भी अपील की कि वे अपनी फसल निर्धारित स्थानों पर ही उतारें और उसे इधर-उधर रखने से बचें। इससे फसल का सुरक्षित रखरखाव सुनिश्चित करने के साथ-साथ मंडियों में खरीद व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खरीफ खरीद सीजन के दौरान किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना और उनकी उपज की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए अधिकारी सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि किसानों को फसल बेचने से लेकर उसके उठान तक किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।