केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सपना है कि गरीब परिवार को अपना पक्का मकान मिले। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 इसी संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार का लक्ष्य प्रत्येक पात्र परिवार को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। अपना घर बनाना हर व्यक्ति के जीवन का सपना होता है। घर केवल चारदीवारी नहीं, बल्कि प्रत्येक परिवार के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य का आधार होता है। उन्होंने कहा कि सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल सोमवार को करनाल में आयोजित प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने 31 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए।
प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 से पात्र परिवारों को मिलेगा अपना आशियाना- मनोहर लाल
केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 का क्रियान्वयन 1 सितंबर 2024 को किया गया था। योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर एवं पात्र परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर गरीब परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि पात्र व्यक्ति बिना किसी भेदभाव के योजना का लाभ प्राप्त करें। इसके लिए पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं ऑनलाइन रखी गई है। उन्होंने लाभार्थियों से आह्वान किया कि वे निर्धारित समयावधि में निर्माण कार्य पूरा करें तथा सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सहायता राशि का सदुपयोग करें।
पारदर्शी व्यवस्था से पात्र लोगों तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र व हरियाणा सरकार गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 ऐसे परिवारों के लिए वरदान सिद्ध होगी, जिनका अपना घर बनाने का सपना वर्षों से अधूरा था। उन्होंने कहा कि सरकार ने लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया गया है, जिससे वास्तविक पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। उन्होंने लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए समयबद्ध तरीके से मकान निर्माण पूरा करने का आह्वान किया।
31 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र किए वितरित
कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री ने 31 लाभार्थियों को औपचारिक रूप से स्वीकृति पत्र वितरित किए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के प्रथम चरण में हरियाणा प्रदेश के कुल 2,174 लाभार्थियों के आवेदन स्वीकृत किए गए हैं। इनमें करनाल जिले के शहरी क्षेत्र के 509 लाभार्थी शामिल हैं, जबकि नगर निगम करनाल क्षेत्र के 80 पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति प्रदान की गई है।
क्रमांक- 2026
हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य तेज़ी से जारी
14 जुलाई से पहले सभी मतदाता अपना SIR फ़ॉर्म BLO के पास जमा करवायें
चंडीगढ़, 6 जुलाई- हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत अब तक कुल 1,99,18,634 (96.43%) मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। इनमें से 1,22,08,806 (59.11%) गणना प्रपत्र बीएलओ के माध्यम से प्राप्त कर सफलतापूर्वक अपलोड किए जा चुके हैं।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक मतदाता को गणना प्रपत्र की दो प्रतियां उपलब्ध कराई गई हैं। मतदाता एक प्रति में आवश्यक विवरण भरकर हस्ताक्षर सहित बीएलओ को वापस सौंपें तथा दूसरी प्रति पर बीएलओ के हस्ताक्षर प्राप्त कर उसे रसीद के रूप में अपने पास सुरक्षित रखें। 21 जुलाई को प्रकाशित होने वाली प्रारंभिक मतदाता सूची में केवल उन्हीं मतदाताओं के नाम शामिल किए जाएंगे जिनके हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र बीएलओ को प्राप्त होंगे। जिन मतदाताओं के गणना प्रपत्र समय पर प्राप्त नहीं होंगे, उनके नाम प्रारंभिक मतदाता सूची में शामिल नहीं किए जाएंगे।
ऐसे में सभी मतदाताओं से अनुरोध है कि वे समय रहते सही एवं पूर्ण जानकारी के साथ अपना गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को जमा करें तथा प्राप्ति रसीद अवश्य लें। मतदाता चाहें तो अपना गणना प्रपत्र voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन भी भर सकते हैं।गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 14 जुलाई है।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राज्य के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से भी अपील की है कि वे अपने-अपने बीएलए-2 के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करें तथा अधिक से अधिक गणना प्रपत्र भरवाकर बीएलओ के पास समय पर जमा करवाने में सहयोग करें।