सोनीपत। डॉ. बी.आर. अम्बेडकर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, सोनीपत में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल के अंतर्गत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) देविन्द्र सिंह एवं कुलसचिव प्रो. (डॉ.) आशुतोष मिश्रा ने विश्वविद्यालय के खेल मैदान का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने क्रिकेट का अभ्यास कर रहे छात्रों से मुलाकात की तथा उनके साथ कुछ समय क्रिकेट खेलकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर कुलपति ने खेल मैदान में छात्रों से आत्मीय संवाद करते हुए खेलों के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। कुलपति प्रो. (डॉ.) देविन्द्र सिंह ने कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न अंग हैं तथा स्वस्थ शरीर एवं स्वस्थ मन के लिए खेल अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि नियमित रूप से खेल खेलने से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है, बल्कि शरीर की मांसपेशियाँ मजबूत होती हैं और शरीर में फुर्ती एवं ऊर्जा का संचार होता है। इसके साथ-साथ खेल हमारी एकाग्रता, निर्णय क्षमता एवं सोचने-समझने की क्षमता को भी बढ़ाते हैं, जो विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक जीवन में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं।
कुलपति ने छात्रों से कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में सक्रिय भागीदारी करना आज के समय की आवश्यकता है। इससे अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता एवं आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा खेल सुविधाओं को निरंतर सुदृढ़ करने तथा विद्यार्थियों को हर संभव प्रोत्साहन देने के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया।
इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. (डॉ.) आशुतोष मिश्रा ने कहा कि विश्वविद्यालय छात्रों को खेलों के प्रति और अधिक प्रेरित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक रूप से ही नहीं, बल्कि शारीरिक एवं मानसिक रूप से भी सशक्त बनाना है। उन्होंने छात्रों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
खेल मैदान में हुई इस मुलाकात के दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय द्वारा उनकी उन्नति एवं सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों के लिए कुलपति एवं कुलसचिव के प्रति आभार व्यक्त किया तथा अपने अनुभव भी साझा किए। छात्रों ने अपने बीच कुलपति एवं कुलसचिव को पाकर अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त की और इसे प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर कुलपति के ओ.एस.डी. श्री ललित कुमार, निजी सचिव श्री राजेश कुमार, डॉ. सुखविन्द्र सिंह, श्री सुधीर (सुरक्षा सलाहकार), श्री गणेश गुप्ता सहित विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे।