राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में गृह मंत्रालय (MHA) के निर्देशों का पालन करते हुए, केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की देश भर की सभी इकाइयों ने उत्साहपूर्वक जश्न मनाया।
इस अवसर पर, नई दिल्ली स्थित बल मुख्यालय एवं सभी केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल इकाइयों में 'वंदे मातरम' के पूर्ण संस्करण का सामूहिक गायन आयोजित किया गया। बल मुख्यालय में 200 से अधिक कर्मियों ने देशभक्ति के जोश के साथ भाग लिया।
केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल ने देश भर में अपनी घनी भौगोलिक उपस्थिति द्वारा देशभक्ति के इस पावन संदेश का व्यापक प्रसार सुनिश्चित किया है। प्रमुख शहरों के साथ - साथ दूरदराज के क्षेत्रों में स्थित इकाइयों ने अधिकतम जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने वाले कार्यक्रम आयोजित किए, जिससे नागरिकों को सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय एकता की साझा भावना से जोड़ा जा सके।
इस अवसर पर विभिन्न इकाइयों में केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल कर्मियों ने 'वंदे मातरम के साथ कराओके' नामक डिजिटल अभियान में भी भाग लिया, जिसके अंतर्गत उन्होंने राष्ट्रगीत के पूर्ण संस्करण को रिकॉर्ड करके अपलोड किया। कई स्थानों पर, उत्सव के उत्साह को बढ़ाने के लिए गायन प्रतियोगिता भी आयोजित की गईं