हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने दैनिक जागरण समूह के चेयरमैन श्री योगेंद्र मोहन गुप्त के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि श्री गुप्त के जाने से पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति पहुंची है। कला, साहित्य और पत्रकारिता क्षेत्र में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि भगवान दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करे और दुख की इस घड़ी में शोकाकुल परिजनों को यह आघात सहन करने की शक्ति दे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि श्री योगेंद्र मोहन की छवि मृदुभाषी, सहज, सरल स्वभाव के व्यक्ति की थी। उनकी मेहनत व लगन ने जागरण को निरंतर नए शिखर की ओर अग्रसर किया। वे अपने संस्थान में कर्मचारियों की मदद, मार्गदर्शन के लिए सदैव तत्पर रहते थे। इसके साथ-साथ समाज सेवा के कार्यों में भी वे हमेशा आगे रहते थे। श्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि उनका समर्पण और सेवाभाव हम सबको प्रेरित करता रहेगा।