हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी द्वारा गुरुवार को कृषि विरोधी काले कानूनों व पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ पानीपत में पद यात्रा निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया। पद यात्रा पानीपत के लाल बत्ती चौक स्थित कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुई। पदयात्रा में रेहड़ी पर बाइक और सिलेंडर रखकर बढ़ती महंगाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि आज महंगाई आसमान छू रही है। पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतें लगातार बढ़ती जा रही है। देश में कई स्थानों पर पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के पार हो चुका है। डीजल के दाम भी 90 रुपए प्रति लीटर के करीब पहुंच रहे हैं। आज फिर घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में 25 रुपए का इजाफा किया गया है। आज अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम हैं, लेकिन फिर भी कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। सरकार मुनाफा नहीं, मुनाफाखोरी कर रही है। सरकार द्वारा टैक्स के नाम पर लूट कर लाखों करोड़ रुपए कमाए गए हैं। सरकार बताए कि यह पैसा कहां गया। जनता की भलाई के लिए कितना पैसा लगाया गया।
कुमारी सैलजा ने कहा कि यूपीए सरकार के समय में कच्चे तेल की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार में आज के मुकाबले दोगुनी थीं, लेकिन इसके बावजूद भी उस समय हमारी सरकार ने देश की जनता को राहत दी थी। प्रधानमंत्री मोदी जी ने अच्छे दिन का वादा किया था। आज प्रधानमंत्री जी दिखा रहे हैं कि अच्छे दिन कैसे होते हैं। ग्रामीण क्षेत्र हो या शहरी क्षेत्र, आम जनता पर दोहरी मार पड़ रही है। सरकार द्वारा कृषि क्षेत्र को बर्बाद करने के लिए तीन कृषि विरोधी काले कानून लाए गए हैं। पिछले तीन महीने से किसान सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं। 215 से ज्यादा किसान इस आंदोलन में शहीद हो चुके हैं। लेकिन इस सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। आज इस सरकार में हम दो और हमारे दो के फायदे के बारे में सोचा जा रहा है। आम जनता के हितों से इस सरकार को कोई सरोकार नहीं है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार इस सरकार के जनविरोधी फैसलों के खिलाफ आवाज उठा रही है। मोदी सरकार और खट्टर सरकार को हम चेताना चाहेंगे कि इस तरह की तानाशाही ज्यादा दिन तक नहीं चल सकती है। लोगों की आवाज के सामने बड़े-बड़े शासकों को झुकना पड़ा है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में घोटाले पर घोटाले हो रहे हैं। आज प्रदेश में उद्योग धंधे चौपट हैं। आज हरियाणा प्रदेश की बेरोजगारी दर पूरे देश में सर्वाधिक है। युवा वर्ग रोजगार के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहा है। इस सरकार में लगातार पेपर लीक हो रहे हैं। जो नौकरी थी वह भी जा रही हैं। नई नौकरियां हैं नहीं। हरियाणा के लोगों को केवल धोखा मिला है।
इस अवसर पर पूर्व सीपीएस रामकिशन गुर्जर, पूर्व मंत्री बिजेंद्र कादयान, संजय अग्रवाल, बुल्ले शाह, ओमवीर पवार, बाबूराम कौशिक, राजेंद्र विदयान, रमन शर्मा, मोहकम छोकर, एडवोकेट नरेश अत्री समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।