भारतीय जनता पार्टी बुधवार को देवभूमि हिमाचल में लोकसभा चुनाव के लिए शंखनाद करेगी। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिला मंडी पहुंच गए हैं। कुछ देर में राजनाथ सिंह पड्डल मैदान में होने वाले प्रदेश के सभी संसदीय क्षेत्रों में प्रस्तावित पन्ना प्रमुखों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे।इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती, पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल, शांता कुमार सहित अन्य वरिष्ठ नेता भी मंडी पहुंच चुके हैं। इसके अलावा राजनाथ सिंह मंडी से 112 आपात सेवा का शुभारंभ करेंगे।इस सम्मेलन में मंडी संसदीय क्षेत्र के 16 विधानसभा क्षेत्रों के पन्ना प्रमुख भाग लेंगे। मंडी के सम्मेलन में भरमौर के पन्ना प्रमुख भाग नहीं लेंगे। 16 हलकों में 1877 मतदान केंद्र हैं। 443 ग्राम पालक व 5631 त्रिदेव हैं। बूथ अध्यक्ष, पालक व एजेंट को त्रिदेव का नाम दिया गया है। विधानसभा चुनाव में त्रिदेव की अहम भूमिका रही है। 16 हलकों में 33,330 पन्ना प्रमुख हैं। सम्मेलन में 90 फीसद से अधिक पन्ना प्रमुखों के भाग लेने की उम्मीद है।